बरेली। लाल फाटक स्थित राघव बैंक्विट हॉल में हरियाली तीज महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।

खेल प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया। पहली प्रतियोगिता में संगीता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि छवि गुप्ता द्वितीय स्थान पर रहीं। दूसरी प्रतियोगिता में प्रज्ञा एवं भावना संयुक्त रूप से विजेता घोषित की गईं। वहीं ज्योति भाटिया, रश्मि जोशी और मुस्कान चौधरी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि रुचि गुप्ता ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक एकता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन विधोत्तमा आजाद ने किया। उन्होंने सभी विजेता प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि हरियाली तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, महिला शक्ति, प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया।


