उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध कराटे प्रशिक्षक, वाडो काई कराटे के उत्तराखंड महासचिव सिहान उदय वीर सिंह के 15 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ सिंह का एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक निधन हो गया। इस दुखद घटना से कराटे जगत, खेल प्रेमियों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, कक्षा 11 के छात्र सिद्धार्थ सिंह अपने मित्र अयान के साथ हल्द्वानी में खरीदारी करने गए थे। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के कुछ ही देर बाद बाइक में आग लग गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में सिद्धार्थ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके मित्र अयान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका आईसीयू में उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय सिद्धार्थ के माता-पिता किसी आवश्यक कार्य से बदायूं गए हुए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


