बरेली। लोगों को धमकाकर, लालच देकर और बैंक खाते हैक कर साइबर ठगी करने वाले शातिर गिरोह का बरेली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आनंद, विक्की और सुमित सहित चार लोग शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। कभी बैंक अधिकारी बनकर, कभी लालच भरे ऑफर देकर तो कभी डराकर लोगों से उनकी बैंकिंग जानकारी हासिल करते और फिर खातों से रकम उड़ा देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 लाख 44 हजार रुपये नकद और 2 आईफोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर पहले से 7 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज थीं।
कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर में की गई कार्रवाई के दौरान चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया गया है।
पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


