बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बरेली छावनी परिषद द्वारा आर.एन. टैगोर इंटर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जन-जागरूकता एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बरेली छावनी परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) डॉ. तनु जैन रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उनका पालन करने का आह्वान किया।
इस दौरान वृक्षारोपण, योग, बैडमिंटन, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर), हिट द स्टम्प्स, बेस्ट फ्रॉम वेस्ट थीम पर नेल आर्ट प्रतियोगिता तथा पर्यावरण विषयक प्रश्नोत्तरी जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर बरेली छावनी परिषद ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


