- बरेली। सावन माह के पावन अवसर पर नाथ नगरी जलाभिषेक समिति द्वारा सोमवार को आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। समिति के प्रथम चरण के तहत प्राचीन बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक, भगवान शिव का भव्य श्रृंगार और महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल के निर्देशन में श्यामगंज मंदिर से हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने नाथ नगरी चालीसा और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। इसके बाद श्रद्धालु अपने-अपने वाहनों पर नंदी ध्वज लगाकर, गले में गंगाजली और माथे पर केसरिया पट्टी धारण कर भव्य जलाभिषेक शोभायात्रा में शामिल हुए।
प्रातः 7 बजे शंखनाद के साथ निकली शोभायात्रा श्यामगंज मंदिर से गंगापुर चौराहा, मूर्ति नर्सिंग होम, मैकनियर रोड और सूद धर्मकांटा होते हुए बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया।
बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित आशुतोष शर्मा ने सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, धतूरा, बेलपत्र, वस्त्र, रुद्राक्ष, पुष्पमालाएं एवं नंदी ध्वज अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया। महाआरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ और श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में दर्शन कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति के मीडिया प्रभारी मनोज देवल ने बताया कि नाथ नगरी जलाभिषेक समिति के धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम का द्वितीय चरण सोमवार, 20 जुलाई 2026 को बाबा अलखनाथ नाथ मंदिर में आयोजित किया जाएगा, जहां विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन का आयोजन होगा। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल सहित आशुतोष अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, मनोज देवल, पंकज देवल, रितेश अग्रवाल, अनुप अग्रवाल, रामस्नेही शर्मा, शोभित अग्रवाल, धर्मार्थ सक्सेना, अतिन टंडन, रोहित अग्रवाल, कपिल गुप्ता, अरविंद पांडेय, पंडित आशुतोष शर्मा, तुषार गुप्ता, संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समिति पदाधिकारी एवं शिवभक्त उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।


