उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिनावर थाना क्षेत्र के ब्यौर गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां समूह (स्वयं सहायता समूह) की किस्त जमा करने के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि बेटे पर अपने ही 60 वर्षीय पिता की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है।
मृतक की पहचान राधेलाल (60 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा अहिवरन समूह की किस्त जमा करने के लिए पिता से रुपये मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आए बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। वारदात के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे ब्यौर गांव में दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी


