
बरेली। इज्जतनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में चोरी के एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, तीन कारतूस, बिना नंबर की बाइक, चोरी के आठ चांदी के सिक्के, 30,220 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को उत्सव महानगर पार्ट-2 निवासी श्याम बिहारी लाल परिवार के साथ बाजार गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात व 30 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। मामले में थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शुक्रवार रात करीब 9:55 बजे पुलिस टीम कलापुर पुलिया नहर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार के पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान संजय गिरि (30) पुत्र नरेश गिरि निवासी चंदपुर जोगियान, थाना सीबीगंज के रूप में हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी सहित करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और पुलिस मुठभेड़ का मुकदमा भी दर्ज किया गया है।


