
1 किलो 3 ग्राम गांजा, 380 ग्राम चरस और नशीले पदार्थों से जुड़ी सामग्री बरामद; पुलिस का दावा- गिरोह कई जिलों में सक्रिय था
पीलीभीत। थाना जहानाबाद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कथित अंतरजनपदीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने स्थानीय सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 24 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे रिछा तिराहा-अमरिया रोड पर की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में सत्येंद्र चौधरी निवासी नानपारा, बहराइच, जिसे गिरोह का सरगना बताया गया है, मुकेश कुमार और ओमप्रकाश निवासी रिछा तिराहा, थाना जहानाबाद, पीलीभीत तथा विजय कुमार निवासी लखा खास, थाना गजरौला, पीलीभीत शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 3 ग्राम गांजा, 380 ग्राम चरस, 200 चिलम कागज, 30 मिट्टी की चिलम, 480 बंडल स्वास्तिक छाप बीड़ी, 500 चिलम बनाने के कागज के रैपर और गांजा मिलाने वाली सिगरेट की 50 डिब्बियां बरामद करने की जानकारी दी है। इसके अलावा किया सेल्टोस कार (नंबर UP25ER4517) भी बरामद की गई।
पुलिस का दावा- कई जिलों में फैला था नेटवर्क
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गिरोह नानपारा, बहराइच से संचालित होता था और नेपाल तथा सीमावर्ती जिलों से गांजा मंगाकर बाराबंकी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली और पीलीभीत में बेचता था। पुलिस के अनुसार सरकारी भांग के ठेकों की आड़ में गांजा बिक्री कराए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि पीलीभीत में रिछा तिराहे के पास ओमप्रकाश और उसके बेटे मुकेश कुमार द्वारा कथित रूप से गांजा बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना पर पुलिस ने ओमप्रकाश के मकान के बाहर खड़ी कार को रोककर तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक कार में चारों आरोपी मौजूद थे और गांजे की कथित बिक्री तथा उससे प्राप्त रकम के लेन-देन से संबंधित गतिविधियां पाई गईं।
पुलिस का लोगो लगाकर चलने का आरोप
पुलिस ने दावा किया है कि गिरफ्तार आरोपी सत्येंद्र चौधरी जिस किया सेल्टोस कार का इस्तेमाल करता था, उस पर पुलिस का लोगो लगा था। कार के अंदर पुलिस का डंडा भी बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कथित तौर पर पुलिस चेकिंग से बचने के लिए कार पर पुलिस का लोगो लगाकर चलते थे।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में अलग-अलग गाड़ियों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे तथा माल लेकर जाते समय मोबाइल फोन बंद रखने और गंतव्य पर पहुंचने के बाद फोन चालू करने की बात पूछताछ में सामने आई। प्रेस नोट में विजय चौधरी, हरिओम वर्मा और यशवंत को गिरोह के अन्य सदस्य बताते हुए उनकी तलाश किए जाने की जानकारी दी गई है।
आपराधिक इतिहास भी दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरोह के कथित सरगना सत्येंद्र चौधरी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों के खिलाफ भी थाना जहानाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी प्रेस नोट में दी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और कथित अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना जहानाबाद प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक रामकिशोर वर्मा समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।


