बरेली। नकटिया नदी को स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त और जीवंत जलधारा के रूप में पुनर्जीवित करने के अभियान को लेकर बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने शनिवार शाम नदी के विभिन्न हिस्सों का नाइट इंस्पेक्शन किया। उन्होंने मौके पर चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और फील्ड टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नाइट इंस्पेक्शन से पहले डॉ. तनु जैन ने धोपा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और नकटिया नदी के पुनर्जीवन के संकल्प को और मजबूती देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान नदी में प्लास्टिक एवं अन्य कचरे की सफाई, नदी किनारे की स्वच्छता तथा जल के प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित टीमों से मौके की स्थिति की जानकारी लेते हुए सफाई व्यवस्था को लगातार बनाए रखने पर जोर दिया।
सीईओ ने निर्देश दिए कि चिन्हित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और नदी किनारे दोबारा कूड़ा न डाला जाए। उन्होंने कहा कि केवल एक बार सफाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नकटिया नदी को लंबे समय तक स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी और जनभागीदारी जरूरी है।
डॉ. तनु जैन ने कहा, “नकटिया नदी सिर्फ पानी का चैनल नहीं, बल्कि बरेली की प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे पुनर्जीवित करने के लिए स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधरोपण, वैज्ञानिक उपायों और जनभागीदारी को साथ लेकर लगातार काम करना होगा।”
उन्होंने कहा कि नकटिया नदी को स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त और पुनर्जीवित बनाने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस अभियान में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी के साथ दीर्घकालिक पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
धोपा मंदिर में आशीर्वाद के साथ शुरू हुआ यह संकल्प अब नकटिया नदी के पुनर्जीवन के मिशन में लगातार आगे बढ़ रहा है।


