वर्मी कम्पोस्टिंग यूनिट का उद्घाटन और नकटिया नदी पुनर्जीवन कार्य का शुभारंभ, जनभागीदारी की अपील
बरेली। पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में छावनी परिषद बरेली एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। 23 अगस्त 2026 को सुबह 8:30 बजे पर्यावरण एवं स्वच्छता से जुड़े दो बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनका शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पर्यावरण, वन, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्मी कम्पोस्टिंग यूनिट का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही श्री धोपेश्वर नाथ मंदिर के पीछे नकटिया नदी के पुनर्जीवन कार्य का शुभारंभ होगा।
नकटिया नदी को स्वच्छ, सुंदर और जीवंत बनाने के लिए छावनी परिषद ने इसे केवल प्रशासनिक अभियान तक सीमित रखने के बजाय जनभागीदारी से जोड़ने की पहल की है। छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने नागरिकों, एनजीओ, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
अभियान के तहत श्रमदान, नदी की स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त व्यवहार और पौधारोपण जैसी गतिविधियों के माध्यम से नकटिया नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
छावनी परिषद के अनुसार 15 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य नकटिया नदी के पुनर्जीवन को व्यापक जन-अभियान का रूप देना है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए जल और प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।
छावनी परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल दर्शक बनकर न रहें, बल्कि अभियान से जुड़कर श्रमदान और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।


