बरेली। बहुजन समाज पार्टी के युवा नेता हरिओम सागर ने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी संगठन को मजबूत करने और युवाओं को बसपा से जोड़ने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने कहा कि बरेली जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर पार्टी को मजबूत बनाकर जीत दिलाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।
हरिओम सागर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2007 में बसपा नेतृत्व के मार्गदर्शन में भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र में बीवीएफ विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। वर्ष 2007 से 2016 तक उन्होंने संगठन के लिए कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2016 में पार्टी नेतृत्व के आशीर्वाद से उन्हें बरेली जिले का बीवीएफ जिला संयोजक बनाया गया।
वर्ष 2016 से अब तक हरिओम सागर लगातार संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पहचान एक युवा नेता के रूप में बनी है। उनका कहना है कि युवाओं और बेरोजगार साथियों का बसपा से जुड़ने के लिए लगातार संपर्क बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बसपा के लिए महत्वपूर्ण है और बरेली जिले की नौ विधानसभा सीटों पर पार्टी को मजबूत करने के लिए अभी से संगठनात्मक स्तर पर काम किया जा रहा है। युवाओं, बेरोजगारों और पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनसंपर्क अभियान को गति देने पर जोर दिया जा रहा है।
हरिओम सागर ने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जिले में बसपा के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बरेली में बसपा को मजबूत जनसमर्थन दिलाने के लिए वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट होकर वर्ष 2027 की चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उनका कहना है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन के दम पर बरेली जिले में बसपा को नई मजबूती दी जा सकती है।


