टीकमगढ़ में CM मोहन यादव का तीसरा जन विश्वास कार्यक्रम, प्रशासन अलर्ट; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
टीकमगढ़, मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 अगस्त को टीकमगढ़ के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री यहां जन विश्वास अभियान कार्यक्रम में शामिल होकर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के तहत नगर पालिका में जन विश्वास अभियान, तखा पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण और विनोद कुंज बगीचा में उद्यानिकी विभाग की नर्सरी का निरीक्षण प्रस्तावित है।
यह जन विश्वास अभियान प्रदेश में करीब दो सप्ताह पहले शुरू किया गया था और टीकमगढ़ में इसका तीसरा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की जानकारी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी थी।
एक सप्ताह पहले से प्रशासन की तैयारी
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने करीब एक सप्ताह पहले से तैयारियां शुरू कर दी थीं। कलेक्टर द्वारा कार्यक्रम के लिए नगर पालिका परिसर का चयन किया गया है।
बुधवार को SP सुधीर अग्रवाल ने एडिशनल SP विक्रम सिंह, SDOP राहुल कटरे और कोतवाली TI रवि भूषण पाठक के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और प्रोटोकॉल की तैयारियों का जायजा लिया।
SP ने बताया कि मुख्यमंत्री का स्वागत-सत्कार निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही किया जाएगा।
सादगी की नसीहत के बीच शहर में होर्डिंगों की भरमार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही नेताओं और कार्यकर्ताओं को सरकारी कार्यक्रमों में सादगी बनाए रखने की नसीहत दे चुके हैं। लेकिन टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री के दौरे से पहले तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है।
पुलिस लाइन गेट से कार्यक्रम स्थल तक, सिविल लाइन से सर्किट हाउस और कलेक्टरेट रोड सहित प्रमुख मार्गों पर भाजपा नेताओं की ओर से बड़ी संख्या में होर्डिंग और फ्लेक्स लगाए गए हैं।
इसी को लेकर अब सवाल उठ रहा है कि जब मुख्यमंत्री सादगी से कार्यक्रम आयोजित करने की बात कह चुके हैं, तो फिर उनके स्वागत में शहर को बड़े-बड़े होर्डिंग और फ्लेक्स से सजाने की जरूरत क्यों पड़ी?


