
बरेली। 26 सितंबर 2025 को बरेली में हुए दंगे के मामले में वांछित आरोपी मोबीन बेग उर्फ मोमीन बेग (58) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कैंट पुलिस ने बुधवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी स्थित उसके घर पर दबिश देकर मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़ा। आरोपी के खिलाफ बारादरी थाने में दंगे से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2025 को थाना बारादरी में दर्ज मुकदमे में मौलाना तौकीर रजा समेत 29 आरोपियों को नामजद किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ सात सीएलए एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। इस प्रकरण की विवेचना कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
पूछताछ में बैठक और इस्लामिया ग्राउंड का जिक्र
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मोबीन बेग ने पिछले साल 19 सितंबर को फरीदापुर में हुई एक बैठक का जिक्र किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि बैठक में मौलाना तौकीर रजा मौजूद थे और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। उसने 26 सितंबर को इस्लामिया ग्राउंड में जुटने और वहां हुई घटना के दौरान मौजूद रहने की बात भी कथित तौर पर स्वीकार की। हालांकि, ये विवरण पुलिस द्वारा पूछताछ में दर्ज किए गए आरोपी के कथित बयान पर आधारित हैं।
आरोपी के खिलाफ पहले से भी मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बताया कि मोबीन बेग का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में भी एक मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक संजय कुमार धीर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रीनिवास और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अब आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।


