बरेली, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बरेली कैंट स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे स्टेडियम में योग का उत्साह देखने को मिला, जहां बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजन बरेली छावनी परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। योग दिवस को सफल बनाने के लिए हरिद्वार से विशेष रूप से आमंत्रित योगाचार्य ने उपस्थित लोगों को योग के विभिन्न आसन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर आर.एन. टाइगर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, छावनी परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। योगाचार्य के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने एक साथ योग कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। वहीं सीईओ डॉ. तनु जैन ने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनता है तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
योग दिवस के इस भव्य आयोजन ने पूरे कैंट क्षेत्र को योगमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने दैनिक जीवन में योग अपनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।


