बरेली, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बरेली छावनी परिषद ने स्वास्थ्य, आध्यात्मिकता और नवाचार का ऐसा अद्भुत संगम प्रस्तुत किया, जिसने पूरे क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर दी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. तनु जैन (आईडीईएस) के दूरदर्शी नेतृत्व, अभिनव अवधारणा और कुशल मार्गदर्शन में आयोजित तीन भव्य कार्यक्रमों ने हजारों लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया तथा बरेली छावनी को योग जागरूकता के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया।
योग दिवस का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में विशाल सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ, जहां लगभग 1000 प्रतिभागियों ने एक साथ योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह, वाईएसएम, अध्यक्ष, छावनी परिषद बरेली ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित 108 सूर्य नमस्कार चैलेंज विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ₹5100, ₹2100 एवं ₹1100 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन जीने की जीवनशैली है।
दोपहर में कारगिल हॉल में आयोजित विशेष व्याख्यान सत्र में प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु स्वामी श्री ओमा द ए.के.के. ने “योग फॉर हेल्दी एजिंग” विषय पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत करते हुए बताया कि योग बढ़ती आयु में भी शरीर और मन को स्वस्थ बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती पुष्पा पाण्डेय, सदस्य, उत्तर प्रदेश महिला राज्य आयोग ने महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

दिन का सबसे अनूठा, आकर्षक और ऐतिहासिक आयोजन रहा “चंद्र नमस्कार”, जिसका आयोजन श्री दोपेश्वर नाथ मंदिर परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री संजीव अग्रवाल, विधायक, बरेली छावनी रहे। विशेष बात यह रही कि “चंद्र नमस्कार” की अभिनव अवधारणा स्वयं डॉ. तनु जैन द्वारा विकसित की गई, जो अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अपनी तरह का पहला आयोजन माना जा रहा है। इस अनूठी पहल ने योग को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और मानसिक स्वास्थ्य से जोड़ते हुए लोगों को एक नया अनुभव प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की और इसे योग के क्षेत्र में एक अभिनव प्रयोग बताया।
तीनों कार्यक्रमों में सैन्य अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, महिला समूहों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे दिन योग, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। मुख्य अतिथियों ने डॉ. तनु जैन एवं बरेली छावनी परिषद की टीम द्वारा योग के प्रचार-प्रसार हेतु किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित ये भव्य कार्यक्रम न केवल योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में सफल रहे, बल्कि बरेली छावनी को स्वास्थ्य, आध्यात्मिक चेतना और नवाचार के राष्ट्रीय स्तर के मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी साबित हुए


