नैनीताल।में आगामी 15 जून 2026 को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेला एवं विशाल भंडारे के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले की व्यवस्थाओं का विस्तृत खाका तैयार किया गया।
बैठक में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक संचालन को सुचारु रखने के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा की। वहीं प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी को रोकने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि बाबा नीब करौरी महाराज की तपोस्थली कैंची धाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन और भंडारे में शामिल होने पहुंचते हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में भक्तों के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से कैंची धाम मेला एवं विशाल भंडारा श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।


