नगर निगम में हाईलेवल बैठक, वैज्ञानिक और दीर्घकालिक तरीके से नदी के पुनर्जीवन पर मंथन बरेली । 03 सितंबर 2026।नकटिया नदी के रिजुविनेशन, रेस्टोरेशन, कंजर्वेशन और इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट के लिए व्यापक मास्टर प्लान तैयार करने की दिशा में गुरुवार को नगर निगम, बरेली में महत्वपूर्ण हाईलेवल बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम ने की। बैठक में नदी के वर्तमान स्वरूप, प्रदूषण, जल प्रवाह, ड्रेनेज व्यवस्था, अतिक्रमण और पर्यावरणीय चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।ं
बैठक में बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. तनु जैन, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, जल शक्ति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, रिवर सिटीज एलायंस (RCA) और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।
वैज्ञानिक आकलन के आधार पर तैयार होगा मास्टर प्लान
बैठक का मुख्य उद्देश्य नकटिया नदी के पुनर्जीवन के लिए ऐसा वैज्ञानिक, समग्र और दीर्घकालिक फ्रेमवर्क तैयार करना रहा, जिसे प्रभावी तरीके से जमीन पर लागू किया जा सके। अधिकारियों और विशेषज्ञों ने नदी की मौजूदा स्थिति, उसकी हाइड्रोलॉजिकल एवं इकोलॉजिकल विशेषताओं, प्रदूषण के स्रोत, ड्रेनेज सिस्टम, अतिक्रमण और पर्यावरणीय समस्याओं का गहन विश्लेषण किया।
NIUA की टीम ने नकटिया नदी की वर्तमान स्थिति का विस्तृत आकलन प्रस्तुत किया। इसमें नदी के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों के साथ संभावित सुधार एवं हस्तक्षेप के क्षेत्रों पर भी तकनीकी जानकारी साझा की गई। टीम की ओर से दिए गए तकनीकी सुझावों को प्रस्तावित मास्टर प्लान तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण आधार माना गया।
जल संरक्षण से लेकर जैव विविधता तक पर रहेगा फोकस
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि मास्टर प्लान केवल नदी की सफाई तक सीमित न रहकर उसके समग्र पुनर्जीवन और दीर्घकालिक संरक्षण पर आधारित होना चाहिए। इसके तहत जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, प्राकृतिक ड्रेनेज एवं जल प्रवाह को बेहतर करना, नदी किनारे का प्रबंधन, पारिस्थितिक सुधार, जैव विविधता को बढ़ावा देना और भविष्य में नदी के स्थायी रखरखाव जैसे पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि योजना तैयार करते समय फील्ड लेवल डेटा, वैज्ञानिक अध्ययन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और स्पष्ट इंप्लीमेंटेशन फ्रेमवर्क को आधार बनाया जाएगा। इसमें तत्काल किए जाने वाले कार्यों के साथ-साथ दीर्घकालिक उपायों को भी शामिल किया जाएगा।
डॉ. तनु जैन की पहल की सराहना
बैठक के दौरान NIUA टीम ने बरेली कैंटोनमेंट क्षेत्र में नकटिया नदी के पुनर्जीवन एवं संरक्षण को लेकर CEO डॉ. तनु जैन की पहल की सराहना की। कैंटोनमेंट क्षेत्र में नदी को स्वच्छ एवं बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को नकटिया नदी के पूरे सिस्टम के पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
विशेषज्ञों ने माना कि नदी के पुनर्जीवन के लिए अलग-अलग विभागों और संस्थाओं का एक साथ मिलकर काम करना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से बैठक में इंटर-डिपार्टमेंटल और इंटर-इंस्टीट्यूशनल कोऑर्डिनेशन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
तकनीकी सुझावों को रिपोर्ट में किया जाएगा शामिल
बैठक में तय किया गया कि चर्चा के दौरान प्राप्त सभी तकनीकी सुझावों और महत्वपूर्ण बिंदुओं को एक स्ट्रक्चर्ड रिपोर्ट के रूप में तैयार किया जाएगा। यही रिपोर्ट आगे नकटिया नदी के व्यापक मास्टर प्लान की तैयारी का आधार बनेगी।


