Homeउत्तर प्रदेशनकटिया नदी (नाथ गंगा) की सफाई बना महाअभियान

नकटिया नदी (नाथ गंगा) की सफाई बना महाअभियान

राजश्री ग्रुप के छात्रों ने 250 मीटर नदी किनारे से हटाया करीब 20 टन कचरा, 1000 पौधों का हुआ रोपण

बरेली। नकटिया नदी (नाथ गंगा) के पुनर्जीवन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर छावनी परिषद बरेली द्वारा चलाया जा रहा सफाई एवं पुनर्जीवन अभियान लगातार जनभागीदारी का बड़ा रूप लेता जा रहा है। मंगलवार को मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन के नेतृत्व में राजश्री ग्रुप के विद्यार्थियों एवं छावनी परिषद के कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ नदी की सफाई तथा वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने करीब 250 मीटर नदी के किनारे की सफाई कर लगभग 20 टन कचरा हटाया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और नदी के आसपास हरित क्षेत्र विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के करीब 1000 पौधों का रोपण भी किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, कर्मचारियों और नागरिकों की सहभागिता ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर डॉ. तनु जैन ने अभियान में सक्रिय भागीदारी करने वाले सभी विद्यार्थियों, छावनी परिषद के कर्मचारियों एवं नागरिकों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नकटिया नदी का पुनर्जीवन केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने नागरिकों, एनजीओ, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यार्थियों और युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पुनीत अभियान से जुड़ें और नकटिया नदी को स्वच्छ, सुंदर एवं जीवंत बनाने में अपना योगदान दें।

नदी की सफाई के साथ बड़े स्तर पर हो रहे वृक्षारोपण से अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार बढ़ती जनभागीदारी से उम्मीद जगी है कि नकटिया नदी का पुनर्जीवन अभियान आने वाले समय में बरेली के लिए एक बड़ी पर्यावरणीय मिसाल बनेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments