गन्ना बेचकर लौट रहे किसान से बरेली सीमा पर लूट

बदायूं : गन्ना बेचकर लौट रहे किसान से चार बदमाशों ने लूट की। किसान के रुपये और दो अंगूठी लूटकर भाग गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वारदात वाला क्षेत्र जिला बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी का निकला।
कोतवाली दातागंज क्षेत्र के गांव मुरैना निवासी राजवीर सिंह ने गन्ने की फसल की थी। उन्होंने गन्ना कटवाया। जिसे छिलवाकर बेचने के लिए सोमवार शाम जिला बरेली के कस्बा फरीदपुर जा रहे थे। ज्यादा रात और कोहरा होने की वजह से वह फरीदपुर में ही रुक गए थे। अगले दिन सुबह भोर में घर के लिए निकले।उनका आरोप है कि वह दातागंज क्षेत्र में बेलाडांडी पुल के पास पहुंचे तो चार बदमाशों ने आगे आकर उनका ट्रैक्टर रुकवाया और मारपीट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचा निकाल लिया। चुप रहने को कहा वरना गोली मारने की धमकी दी। बदमाशों ने उनकी जेब की तलाशी लेकर 3700 रुपये ले लिए।
राजवीर सिंह की उंगलियों से सोने की दो अंगूठी लूटी और खेतों में भाग गए। राजवीर सिंह पास में बने मंदिर पर पहुंचे। जहां कोई नहीं था। वह घर आए और अपने परिजनों को अवगत कराया। परिजनों ने कोतवाली दातागंज जाकर पुलिस को सूचना दी। दातागंज कोतवाल हरिहंत सिद्धार्थ राजवीर सिंह द्वारा बताए गए घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास मौजूद मिले लोगों से जानकारी की। लोगों ने बताया कि जिस जगह वारदात हुई है जिला बरेली की सीमा में है। पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए। दातागंज कोतवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे थे। जो दोनों जिलों की सीमा है। वह क्षेत्र बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी का है। किसान से फतेहगंज पूर्वी जाकर शिकायत करने को कहा गया है।
Share News