
कैंट पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, तमंचा बरामद
बरेली। थाना कैंट पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को ग्राम मिजापुर निवासी ओम कुमारी ने थाना कैंट में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही सरवन, प्रेमपाल, सुनील उर्फ बब्लू, अंशु, दीपक और पंकज ने उनके पुत्र जयवीर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान सरवन ने तमंचे से जयवीर की कनपटी पर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान जयवीर की मौत हो गई। इसके बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई। प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी सरवन उर्फ श्रवण, अंशु और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी मिजापुर जंगल और उमरसिया भट्टी के पास की गई। आरोपी सरवन के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वेटर के काम और ग्राहकों को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट और मुकदमेबाजी हो चुकी थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।



