कानपुर। जनपद में सनसनी: मां का कटा हाथ लेकर कमिश्नरेट पहुंचा बेटा, अस्पताल पर गंभीर आरोप
कानपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटा अपनी मां का कटा हुआ हाथ लेकर कमिश्नरेट ऑफिस पहुंच गया। पीड़ित युवक ITBP का जवान बताया जा रहा है, जिसने शहर के टाटमिल स्थित कृष्णा हॉस्पिटल के डॉक्टरों पर लापरवाही और बिना जानकारी दिए हाथ काटने का गंभीर आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी मां को सांस लेने में दिक्कत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने महिला का हाथ काट दिया। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो अस्पताल में हंगामा खड़ा हो गया।
पीड़ित बेटे का कहना है कि वह पिछले तीन दिनों से अपनी मां का कटा हाथ लेकर न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मामले ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है।
वहीं महिला की हालत लगातार गंभीर बनी हुई है और उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और स्वास्थ्य विभाग से भी रिपोर्ट मांगी जा सकती है।



