
बरेली। कैंट थाना पुलिस ने अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 12 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है। वहीं, बिना पुलिस सत्यापन के किराये पर कमरा देने के मामले में मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 15 जून की रात गश्त के दौरान मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोहनपुर मजार तिराहे के पास से कय्यूम कुरैशी (38) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से जनपद पीलीभीत का निवासी है, जबकि वर्तमान में कैंट क्षेत्र के जिरिया निजावत खां मोहल्ले में रह रहा था।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी बिना पुलिस सत्यापन के किराये के मकान में रह रहा था। इस पर मकान मालिक के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस की निगरानी से बचने के लिए छिपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार उसका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।


