
बरेली। थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में लालपुर चौराहे के पास निर्माणाधीन चार्जिंग सेंटर के प्लॉट पर देर रात तीन अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया। आरोप है कि बदमाशों ने प्लॉट की सुरक्षा में तैनात चौकीदार पर लाठी-डंडों से हमला किया और उसे रस्सी से पेड़ पर बांध दिया। इसके बाद जनरेटर की अल्टरनेटर कॉइल समेत अन्य कीमती उपकरण व पुर्जे खोलकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित प्लॉट स्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रात करीब दो बजे प्लॉट में घुसे बदमाश
जानकारी के मुताबिक, थाना बारादरी क्षेत्र के गार्डन सिटी निवासी अभिषेक परमार लालपुर चौराहे के पास स्थित अपने प्लॉट पर चार्जिंग सेंटर का निर्माण करा रहे हैं। प्लॉट पर बाउंड्री वॉल का निर्माण चल रहा है। सुरक्षा के लिए अहलादपुर निवासी लाल बहादुर को चौकीदार के रूप में तैनात किया गया है।

बताया गया कि 5 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि करीब दो बजे तीन अज्ञात बदमाश प्लॉट में घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने चौकीदार लाल बहादुर पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसे रस्सी से पेड़ से बांध दिया और प्लॉट में रखे जनरेटर की अल्टरनेटर कॉइल तथा अन्य उपकरण व पुर्जे खोल लिए।
सामान निकालने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। किसी तरह बंधन से मुक्त होने के बाद घायल चौकीदार ने घटना की सूचना 112 नंबर पर पुलिस और प्लॉट स्वामी अभिषेक परमार को दी।
चौकीदार ने बदमाशों को पहचानने का किया दावा
प्लॉट स्वामी की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया है कि चौकीदार ने वारदात के दौरान तीनों बदमाशों को नजदीक से देखा है। सामने आने पर वह आरोपियों की पहचान कर सकता है।
अभिषेक परमार ने थाना बिथरी चैनपुर प्रभारी को लिखित तहरीर देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


