बरेली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बरेली के 14 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए विभिन्न पदकों से सम्मानित किया जाएगा। स्थानीय पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली स्वतंत्रता दिवस परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को पदक प्रदान किए जाएंगे।
विशिष्ट सेवा के लिए सीओ एलआईयू विजय राना को राष्ट्रपति का पदक दिया जाएगा। पुलिस सेवा के लंबे कार्यकाल के दौरान विजय राना दस्यु सरगना कल्लू यादव के एनकाउंटर समेत कई चर्चित मुठभेड़ों में शामिल रहे हैं। इससे पहले उन्हें गृह मंत्रालय का अवॉर्ड भी मिल चुका है।
इसके अलावा सेवानिवृत्त सहायक रेडियो अधिकारी प्रदीप कुमार को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक दिया जाएगा। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर को डीजीपी का स्वर्ण पदक और एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा को शौर्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
बारादरी इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं एसओजी के हेड कांस्टेबल राहुल कुमार, अभिसूचना विभाग के अमित त्यागी, सिपाही धर्मेंद्र चौधरी और फायरमैन तीरथ ध्वज को रजत चिन्ह दिया जाएगा।
इसके अलावा आरटीसी के इंस्पेक्टर हारून खां को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक प्रदान किया जाएगा। थाना भोजीपुरा की एसआई अनीता देवी, एसपी उत्तरी के रीडर अर्जुन सिंह, मॉनिटरिंग सेल में तैनात एसआई श्याम सिंह और फायरमैन अजयपाल सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिसकर्मियों को उनकी सेवाओं और उत्कृष्ट कार्य के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।


