बरेली। कांधरपुर स्थित प्रसिद्ध मढ़िया वाले मंदिर परिसर में रविवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी स्वामी विवेकानंद को उनके धार्मिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ता सूरज पाल कश्यप, समाजसेवी उर्मिला आर्य सहित अन्य गणमान्य लोगों ने स्वामी विवेकानंद को अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के लंबे समय से किए जा रहे धार्मिक कार्यों, मंदिर की सेवा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा समाज में आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जैसे संत समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और उनके मार्गदर्शन से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ हुआ है। सभी ने उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का कार्य करेगा और वे आगे भी समाज एवं धर्म की सेवा में समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का केंद्र भी है।


