Homeउत्तर प्रदेशबरेली छावनी में शिक्षा के क्षेत्र में नई उड़ान: गुरुदेव रवीन्द्र नाथ...

बरेली छावनी में शिक्षा के क्षेत्र में नई उड़ान: गुरुदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर की प्रतिमा का अनावरण, अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी लैब का शुभारंभ

बरेली। छावनी परिषद, बरेली के रवीन्द्र नाथ टैगोर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को शिक्षा, संस्कृति और वैज्ञानिक नवाचार का ऐतिहासिक संगम देखने को मिला। भारत के महान साहित्यकार, दार्शनिक एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरुदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर की प्रतिमा का भव्य अनावरण श्रीमती शोभा गुप्ता, महानिदेशक, रक्षा संपदा, नई दिल्ली तथा श्रीमती भावना सिंह, प्रधान निदेशक, रक्षा संपदा, मध्य कमान, लखनऊ ने किया।

 

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यालय में स्थापित अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी लैब (Astronomy Lab) का उद्घाटन रहा। इस आधुनिक प्रयोगशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान की व्यवहारिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा मिलेगी। इससे छात्रों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, अनुसंधान और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित होगी तथा भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खुलेंगे।

अपने संबोधन में महानिदेशक श्रीमती शोभा गुप्ता और प्रधान निदेशक श्रीमती भावना सिंह ने डॉ. तनु जैन, मुख्य अधिशासी अधिकारी, छावनी परिषद बरेली के नेतृत्व में शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल नवाचार तथा जनहित से जुड़े विकास कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि छावनी परिषद बरेली द्वारा किए जा रहे अभिनव प्रयास और विकास मॉडल देश की अन्य छावनी परिषदों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर रक्षा संपदा, मध्य कमान, लखनऊ के निदेशक श्री पुष्पेन्द्र एवं श्री महेश चन्द्र सैनी, छावनी परिषद बरेली के नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल, विद्यालय परिवार, छावनी परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों के अधिकतम उपयोग तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। समारोह ने यह संदेश दिया कि भारतीय संस्कृति की विरासत और आधुनिक विज्ञान का समन्वय ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments