
बरेली। शहर में कथित रूप से फल-फूल रहे अवैध नशे के कारोबार को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की गई है। आज़मनगर निवासी फरमान खान ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपते हुए थाना कोतवाली क्षेत्र के सिकलापुर निवासी विजय उर्फ कुप्पी पर चरस, स्मैक और एमडी जैसे मादक पदार्थों की तस्करी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विजय उर्फ कुप्पी एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद वह कथित रूप से लंबे समय से अवैध नशे का कारोबार चला रहा है। आरोप है कि आरोपी अपने सहयोगियों के माध्यम से सिकलापुर, कालीबाड़ी, गंगापुर और आसपास के क्षेत्रों में चरस, स्मैक और एमडी जैसे मादक पदार्थों की सप्लाई करता है। हिस्ट्रीशीटर होने के बाद भी नशे का कारोबार चला रहा है ये कही न कही पुलिस, प्रशासन पर सवाल खड़े करता है ।
फरमान खान का कहना है कि इस कथित नेटवर्क के कारण क्षेत्र के कई युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे उनका भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बढ़ते गए।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी और उसके सहयोगियों की निष्पक्ष जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने, अवैध नशे के कारोबार में शामिल सभी लोगों की पहचान करने तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सक्रिय कथित नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की मांग की है।
पुलिस का पक्ष: एसएसपी कार्यालय में शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले को जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


