Homeउत्तर प्रदेशअंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बरेली छावनी में गूंजेगा योग का संदेश, दिनभर होंगे...

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बरेली छावनी में गूंजेगा योग का संदेश, दिनभर होंगे विशेष योग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम

बरेली, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस  के अवसर पर बरेली छावनी परिषद द्वारा “योग फॉर हेल्दी एजिंग (Yoga for Healthy Ageing)” थीम पर भव्य योग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. तनु जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 108 सूर्य नमस्कार चैलेंज और सामूहिक योग प्रोटोकॉल सत्र से होगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह उपस्थित रहेंगे। छावनी क्षेत्र के नागरिक, विद्यार्थी, सैन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं योग प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के महत्व का संदेश देंगे।

दोपहर 1 बजे कारगिल हॉल में विशेष आध्यात्मिक सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें ओम् ध्वनि (OMA) के माध्यम से आध्यात्मिक चिंतन एवं प्रवचन होगा। “योग फॉर हेल्दी एजिंग” विषय पर आधारित इस सत्र में योग, ध्यान और संतुलित दिनचर्या के जरिए स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के महत्व पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

सायंकाल धोपा मंदिर परिसर में चन्द्र नमस्कार सत्र का आयोजन होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक संजीव अग्रवाल होंगे। इस दौरान योग और ध्यान के जरिए मानसिक शांति, आत्मिक ऊर्जा और बेहतर स्वास्थ्य के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

बरेली छावनी परिषद द्वारा आयोजित यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योग दिवस के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया जाएगा कि नियमित योग और ध्यान न केवल शरीर को निरोग बनाते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मकता भी लाते हैं।

डॉ. तनु जैन ने सभी नागरिकों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर हम स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं। बरेली छावनी परिषद का यह आयोजन योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments