लखनऊ। यूपी लेखपाल भर्ती को लेकर राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में चल रहे छात्रों के आंदोलन के बीच अभ्यर्थियों ने राजनीतिक हस्तक्षेप के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। आंदोलन से जुड़े रंजीत सर ने मंच से साफ शब्दों में कहा कि यह लड़ाई छात्रों के भविष्य और रोजगार की है, इसलिए किसी भी राजनीतिक दल या नेता को इस आंदोलन का हिस्सा बनने की जरूरत नहीं है।
रंजीत सर ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन कुछ संगठन और राजनीतिक समूह आंदोलन की भीड़ और छात्रों की भावनाओं का इस्तेमाल अपने हित साधने के लिए करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मंच पर आकर तस्वीरें खिंचवाते हैं और बाद में इसे अपने समर्थन में जुटी भीड़ बताकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि आंदोलन का उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ लेखपाल भर्ती से जुड़े मुद्दों का समाधान कराना है, इसलिए इसे किसी भी राजनीतिक एजेंडे से दूर रखा जाना चाहिए। अभ्यर्थियों ने भी एक सुर में कहा कि उनका संघर्ष रोजगार और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा है, न कि किसी दल या संगठन के समर्थन या विरोध से।
इको गार्डन में जुटे छात्रों ने स्पष्ट संदेश दिया कि उनका आंदोलन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई जारी रखेंगे।


