
मंदिर के चबूतरे पर मिला शव, पहचान में जुटी पुलिस
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में लाल फाटक पुल के पास मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मेस कॉलोनी और लाल फाटक पुल के बीच स्थित मठिया मंदिर के चबूतरे पर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण नामक व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर मंदिर के पास एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में मृतक की जेब से बदायूं से बरेली तक का ट्रेन टिकट, चाबियों का गुच्छा, पानी की छोटी बोतल और कुछ नगदी बरामद हुई। हालांकि घंटों की पूछताछ और आसपास के लोगों से जानकारी लेने के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी।
अचानक मंदिर के चबूतरे पर शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने के साथ मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।


