मंदिर जा रही महिला से झपट्टा मारकर छीने थे दोनों कुंडल, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल
बरेली । के बारादरी थाना क्षेत्र में महिला से हुई कुंडल छिनैती की वारदात का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया है। मंदिर जा रही महिला को निशाना बनाकर उसके दोनों कुंडल छीनने वाले तीन बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। भरतौल रोड पर चेकिंग के दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए कुंडल, तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक बरामद की है।

पूरा मामला 9 सितंबर का है। संजयनगर निवासी 52 वर्षीय पूनम अपनी बेटी और पड़ोसन के साथ मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर जा रही थीं। जैसे ही वह मॉडल टाउन गेट के पास पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों के कुंडल छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
अचानक हुई इस वारदात से महिला और उनके साथ मौजूद लोग घबरा गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पीड़िता की तहरीर पर बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बदमाशों की पहचान के प्रयास शुरू किए। लगातार की जा रही छानबीन के बाद पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले।
15 सितंबर को पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़
15 सितंबर को भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी अजय मिश्रा घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


