
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के नगरिया कला गांव की रहने वाली 65 वर्षीय विधवा महिला ने अपनी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने के प्रयास और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में महिला अफसरी पत्नी स्व. अकबर अली ने आरोप लगाया है कि गांव के जेट गामा, उसका बेटा राजू और राजू की पत्नी सरमीन लगातार उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देते हैं। महिला का कहना है कि आरोपी उसकी जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा न करने पर जान से मारने तथा शव गायब कर देने की धमकी दे रहे हैं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसने स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कराने और अपनी जान-माल व संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल यह आरोप प्रार्थना पत्र में लगाए गए हैं। मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


