दो साल की बच्ची से किया दुष्कर्म, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

थाना बिनावर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की दो साल की बेटी के साथ बृहस्पतिवार को किया था दुष्कर्म


बदायूं/बिनावर । थाना क्षेत्र के एक युवक ने दो साल की मासूम के साथ दरिंदगी की। पॉपकॉर्न दिलाने के बहाने से खेत में ले गया। उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और भाग गया। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। गुरुवार आधी रात पुलिस ने आरोपी को रोकने के लिए आवाज लगाई तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जबाव में पुलिस ने भी फायरिंग की। आरोपी के पैर में गोली मारी। उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।

 

थाना बिनावर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति खेती करके परिवार का पालन पोषण करता है। गुरुवार रात लगभग नौ बजे उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शाम के समय वह खेत पर गए थे और उनकी पत्नी घर के काम कर रही थीं। दो साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। गांव निवासी संजय पुत्र राजेश्वर बच्ची के पास पहुंचा। उसे पॉपकॉर्न दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। गांव के पास खेत में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। पुलिस और परिजनों ने बच्ची की तलाश की। गांव के पास एक खेत मे बच्ची बेसुध हालत में मिली। उसे जिला अस्पताल लाकर इलाज कराया गया। पुलिस ने बच्ची के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

 

पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। रात लगभग पौने तीन बजे बिनावर के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें आरोपी के गांव पलिया झंडा के पास जंगल में होने की सूचना मिली। प्रभारी निरीक्षक वहां पहुंचे। आरोपी कहीं जाने की फिराक में था। पुलिस ने उसे रुकने के लिए आवाज लगाई। तो उसने पुलिस की गाड़ी पर तमंचे से फायर कर दिया और भागने लगा। गोली से गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने जबाव में फायरिंग की। गोली आरोपी के पैर में लगी। वह घायल हो गया। उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला की धारा बढ़ाई है। जिला अस्पताल में इलाज कराकर आरोपी को जेल भेजा गया ।

बिनावर क्षेत्र के एक गांव में दो साल की बच्ची के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पैर में गोली लगी है। इलाज कराकर उसे जेल भेजा गया है।

आलोक प्रियदर्शी, एसएसपी।

Share News