बरेली। लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में पीस कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
गुरु जनार्दन आचार्य के संदेश के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में पीस कमेटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम इकबाल ने हादसे को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि मासूम छात्रों की असमय मृत्यु पूरे समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
नदीम इकबाल ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की कि राज्यभर में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों की तत्काल सुरक्षा जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संस्थान में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार, फायर अलार्म सिस्टम और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी देखा जाए कि शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो रहा है या नहीं।
उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने भी हादसे की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की।


