
बरेली। शहर विधायक एवं वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उद्घाटन कर स्थानीय लोगों को नई सुविधाओं की सौगात दी। अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने फीता काटकर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोग और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुंशी नगर स्थित पार्क में विधायक निधि से निर्मित टीन शेड और चबूतरे का उद्घाटन किया गया। टीन शेड बनने से पार्क में आने वाले लोगों को धूप और बारिश से बचने के लिए सुविधा मिलेगी। वहीं, चबूतरे का उपयोग लोग बैठने और आपस में मेल-मिलाप के लिए कर सकेंगे।
इसके अलावा खंडेलवाल नगर ओर मुंशी नगर में विधायक निधि से निर्मित सीसी सड़क का भी उद्घाटन किया गया। सड़क बनने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बेहतर सड़क की जरूरत महसूस कर रहे क्षेत्र के लोगों को इससे राहत मिलेगी। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव जैसी समस्याओं में भी कमी आने की उम्मीद जताई गई।
इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि क्षेत्र का विकास और आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विधायक निधि से लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधा लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के लिए डॉ. अरुण कुमार का आभार जताया। इस दौरान क्षेत्र के प्रेमपाल पटेल ,कुलदीप सिंह, अरुण कुमार सभासद और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


