Homeउत्तर प्रदेशबरेली को मिली आधुनिक स्वच्छता की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने...

बरेली को मिली आधुनिक स्वच्छता की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 60 हाईटेक वाहनों को दिखाई हरी झंडी

बरेली के विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दौरे के दौरान सर्किट हाउस परिसर से नगर निगम के लिए खरीदे गए 60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और स्वच्छता अभियान को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि इन 60 वाहनों में 6 रोबोटिक मैनहोल सीवर क्लीनिंग मशीनें, 50 सीएनजी ऑटो टिपर, 2 स्किड लोडर और 2 बैकहो लोडर शामिल हैं। इन आधुनिक मशीनों के माध्यम से सीवर और नालों की सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

 

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल सफाई कर्मियों के प्रयासों से नहीं बनता, बल्कि जनभागीदारी और आधुनिक तकनीक के समन्वय से ही स्वच्छता अभियान को स्थायी सफलता मिलती है। उन्होंने नगरवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से रोबोटिक सीवर क्लीनिंग मशीनों की सराहना करते हुए कहा कि अब कर्मचारियों को मैनहोल में उतरकर सफाई नहीं करनी पड़ेगी। इससे सफाई कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और मानवीय जोखिम में बड़ी कमी आएगी।

स्वच्छता अभियान के साथ मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने सर्किट हाउस परिसर में बेल का पौधा रोपित किया। इसके अलावा दीप चैरिटेबल ट्रस्ट, बरेली की मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन का भी उद्घाटन किया, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही नेत्र परीक्षण और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री का यह दौरा बरेली के लिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आधुनिक संसाधनों और नई तकनीक के उपयोग से शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिलेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments