बरेली। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में कैंटोनमेंट बोर्ड, बरेली ने एक सराहनीय पहल करते हुए ट्रेंचिंग ग्राउंड के निकट सघन वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत लगभग 100 विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया गया।

इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखते हुए ट्रेंचिंग ग्राउंड क्षेत्र को चरणबद्ध तरीके से एक हरित, स्वच्छ, जैव-विविधता से समृद्ध एवं पर्यावरण-अनुकूल क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। साथ ही बरेली कैंटोनमेंट को कार्बन-नेगेटिव कैंटोनमेंट बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम माना जा रहा है।
अभियान की सबसे अनूठी विशेषता यह रही कि प्रत्येक पौधे पर उसे रोपित करने वाले व्यक्ति के नाम का टैग लगाया जाएगा। इससे पौधे की पहचान के साथ-साथ उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय होगी। यह पहल लोगों में अपने पौधे के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करेगी और पौधों के जीवित रहने की संभावना को भी बढ़ाएगी।
इस अवसर पर मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने कहा कि “एक व्यक्ति–एक वृक्ष–एक जिम्मेदारी” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संकल्प है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे बड़े होकर वृक्ष बनें।
कैंटोनमेंट बोर्ड, बरेली ने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। बोर्ड का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे जनसहभागिता आधारित पर्यावरणीय कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि बरेली कैंटोनमेंट को हरियाली, स्वच्छता और सतत विकास का आदर्श मॉडल बनाया जा सके।


