बरेली। बरेली छावनी परिषद ने देश की सभी छावनियों के लिए एक नई मिसाल पेश करते हुए भारत की पहली आधुनिक छावनी गौशाला की आधारशिला रख दी है। ठिरिया रोड स्थित गारबेज टू गोल्ड सेंटर के निकट लगभग 7.5 एकड़ भूमि पर बनने वाली इस अत्याधुनिक गौशाला का भूमि पूजन समारोह पूरे विधि-विधान और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह रहे। उनके साथ बरेली लोकसभा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और बरेली छावनी विधायक संजीव अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। भूमि पूजन के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने इस परियोजना को गौ-संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए 1 करोड़ 60 लाख रुपये की वित्तीय सहायता तथा 400 उच्च नस्ल की गायें उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बरेली छावनी में बनने वाली यह आधुनिक गौशाला भविष्य में देश की अन्य छावनियों के लिए भी आदर्श मॉडल बनेगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की परिकल्पना बरेली छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) डॉ. तनु जैन ने की है। उनके नेतृत्व में विकसित होने वाली इस गौशाला में आधुनिक गौ-शेड, पशु चिकित्सालय, चारा भंडारण केंद्र, जल संरक्षण प्रणाली, प्रशासनिक भवन, स्वच्छ एवं हरित परिसर तथा पर्यावरण-अनुकूल आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य गौवंश के बेहतर संरक्षण के साथ-साथ जैविक कृषि, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को भी बढ़ावा देना है।


