
बरेली । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) द्वारा उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों की 4,543 रिक्तियों के लिए आयोजित दस्तावेज सत्यापन (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) प्रक्रिया का सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य ने निरीक्षण किया।
रिजर्व पुलिस लाइन्स, बरेली में चल रही भर्ती प्रक्रिया के दौरान एसएसपी ने विभिन्न परीक्षण केंद्रों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण तथा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। एसएसपी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस प्रशासन के अनुसार भर्ती प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जा रही है तथा सभी चरणों की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है।


