यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा के पहले दिन रोडवेज बसों में किराए में 50 प्रतिशत छूट का लाभ नहीं मिल सका। इसकी मुख्य वजह यह रही कि बस परिचालकों (कंडक्टरों) के पास छूट संबंधी कोई आधिकारिक आदेश उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते अभ्यर्थियों से सामान्य किराया ही लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सरकार द्वारा अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत किराया छूट देने का आदेश देर रात जारी किया गया। तब तक बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्रों के लिए यात्रा शुरू कर चुके थे और उन्हें छूट का लाभ नहीं मिल पाया।
हालांकि भर्ती परीक्षा के अभी दो दिन शेष हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अब आदेश लागू होने के बाद आगामी परीक्षा तिथियों में यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट का लाभ मिल सकेगा।
अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि आदेश पहले जारी कर दिया जाता तो पहले दिन परीक्षा देने पहुंचे हजारों युवाओं को भी राहत मिलती। अब सभी की नजर इस बात पर है कि आगामी दिनों में छूट की व्यवस्था का लाभ अभ्यर्थियों तक सुचारु रूप से पहुंच सके।


