
बरेली। डॉ भीमराव अम्बेडकर दलित उत्थान सेवा समिति के बैनर तले कटरा चाँद खाँ स्थित जाटव बस्ती एवं मलिन बस्ती की समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों ने नगर निगम में धरना-प्रदर्शन किया गया। समिति के अध्यक्ष सुनील सागर और रणवीर सिंह के नेतृत्व में लोगों ने जमकर नारेबाजी करते हुए नगर आयुक्त और महापौर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कटरा चाँद खाँ की जाटव बस्ती, जिसे अंबेडकर भवन क्षेत्र एवं मलिन बस्ती के नाम से भी जाना जाता है, पिछले कई महीनों से टूटी सड़क, सीवर जाम और पेयजल संकट जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। नगर निगम द्वारा सड़क तोड़ने के बाद आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया, जबकि आसपास के अन्य क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया।

सुनील सागर और रणवीर सिंह ने कहा कि टूटी सड़क और कीचड़ के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवर लाइन की समस्या और गंदगी से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित बस्ती के साथ विकास कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की बात करती है तो दलित बस्तियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित क्यों रखा जा रहा है। समिति ने मांग की कि जाटव बस्ती एवं अंबेडकर भवन क्षेत्र की सड़क का निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराया जाए, सीवर लाइन की सफाई और मरम्मत कराई जाए तथा नियमित एवं स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही विकास कार्यों में किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने की मांग की गई।


