
दिन में रॉबिश से भरी ट्रॉली पर कार्रवाई, रात में कथित अवैध खनन पर सन्नाटा! आखिर जिम्मेदारों की निगरानी व्यवस्था कहां है?
बरेली। जिले में जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मामला भट्टे के मलबे (रॉबिश) से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का है, जिसे कथित तौर पर खनन बताकर लेखपाल ने पकड़वा दिया। ट्रैक्टर चालक का कहना है कि वह भट्टे का मलबा लेकर जा रहा था, न कि कहीं से अवैध खनन करके खनिज सामग्री ला रहा था।
सवाल यह है कि क्या भट्टे का मलबा ले जाना भी अवैध खनन है? यदि कार्रवाई की गई तो किस आधार पर? क्या सामग्री के स्रोत की जांच की गई या सिर्फ ट्रॉली में भरी सामग्री देखकर ही खनन का मामला बना दिया गया?
दूसरी तरफ जिले में रात के समय चलने वाली कई संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप हैं कि कथित अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाली कई ट्रॉलियां बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ती हैं। ऐसे वाहनों की पहचान और निगरानी करना भी चुनौती बना हुआ है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बिना नंबर वाली संदिग्ध ट्रॉलियां सड़कों पर चलती हैं तो जिम्मेदार विभाग क्या कर रहा है? क्या अधिकारियों की सख्ती सिर्फ उस ट्रॉली पर दिखाई देगी जो दिन में भट्टे का मलबा लेकर जा रही हो?
अगर ट्रॉली में भट्टे का मलबा था तो उसके आधार और दस्तावेजों की जांच होनी चाहिए। वहीं यदि अवैध खनन हुआ है तो उसके प्रमाण के साथ कार्रवाई होनी चाहिए।
जिलाधिकारी बरेली और खनन विभाग से सवाल है कि रॉबिश और खनिज में अंतर स्पष्ट करते हुए कार्रवाई का आधार सार्वजनिक किया जाएगा? साथ ही रात में बिना नंबर प्लेट चलने वाली संदिग्ध ट्रॉलियों पर कब कार्रवाई होगी?
नियम सबके लिए बराबर होने चाहिए। कार्रवाई भी ऐसी होनी चाहिए जो सवालों के बजाय जवाब दे।


