Homeउत्तर प्रदेशबरेली में राहगीरों के मोबाइल उड़ाने वाला गैंग बेनकाब, स्नैचिंग से लेकर...

बरेली में राहगीरों के मोबाइल उड़ाने वाला गैंग बेनकाब, स्नैचिंग से लेकर खरीद-फरोख्त तक का नेटवर्क ध्वस्त चार शातिर गिरफ्तार, एक बाल अपचारी संरक्षण में; तीन स्मार्टफोन, बाइक और नकदी बरामद

चार शातिर गिरफ्तार, एक बाल अपचारी संरक्षण में; तीन स्मार्टफोन, बाइक और नकदी बरामद

बरेली। शहर में राह चलते लोगों के हाथों से मोबाइल फोन छीनकर फरार होने वाले शातिर स्नैचर गैंग का थाना इज्जतनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मोबाइल छिनैती करने वाले आरोपियों और चोरी के मोबाइल खरीदकर खपाने वाले गिरोह के सदस्यों समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं के तीन स्मार्टफोन, दो व्यक्तिगत मोबाइल, 2,420 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, थाना इज्जतनगर क्षेत्र में फिनिक्स मॉल के पास सुमित कुमार नामक व्यक्ति से बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर ओप्पो मोबाइल छीन लिया था। इस मामले में थाना इज्जतनगर में मुकदमा अपराध संख्या 1058/2026 दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए चौकी प्रभारी बैरियर-टू एवं विवेचक उपनिरीक्षक मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जुटी हुई थी।

मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रिठौरा रोड स्थित कलापुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान नाजिम और बाल अपचारी अयान रजा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में बाइक से झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने की घटनाओं को स्वीकार किया।

औने-पौने दामों में बेच देते थे छीने गए मोबाइल

पुलिस जांच में सामने आया कि मोबाइल छीनने के बाद आरोपी उन्हें रीसेट यानी फॉर्मेट कर देते थे और फिर अपने साथी अभिषेक, सलमान तथा मोहम्मद नूर को सस्ते दामों पर बेच देते थे। ये लोग चोरी और छिनैती के मोबाइल खरीदकर आगे खपाने का काम करते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल खरीदने वाले तीनों कथित रिसीवरों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पांच घटनाओं का हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही और बरामदगी के आधार पर बरेली के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज पांच मुकदमों का खुलासा हुआ है। इनमें इज्जतनगर क्षेत्र में फिनिक्स मॉल और हरिचरन चिल्ड्रन अस्पताल के पास मोबाइल छिनैती, सुभाषनगर थाना क्षेत्र में जंक्शन स्टेशन रोड से रियलमी मोबाइल और बारादरी क्षेत्र में भीम द्वार के पास से ओप्पो मोबाइल छीनने की घटनाएं शामिल हैं।

तीन स्मार्टफोन, नकदी और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मुकदमों से संबंधित स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इनमें सैमसंग, ओप्पो A5 और रियलमी 12X मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा एक आईफोन, एक पोको मोबाइल, 2,420 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

बिना नंबर प्लेट की बाइक से करते थे वारदात

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नाजिम और बाल अपचारी अयान रजा बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से मॉल, बाजार और व्यस्त मार्गों पर रेकी करते थे। मौका मिलते ही पैदल जा रहे या मोबाइल पर बात कर रहे लोगों के हाथ से झपट्टा मारकर फोन छीन लेते थे। इसके बाद मोबाइल को अपने साथियों के माध्यम से बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

1. नाजिम पुत्र आसिम, निवासी जगतपुर गोटिया, थाना बारादरी, बरेली।

2. अभिषेक, निवासी जगतपुर, थाना बारादरी, बरेली।

3. सलमान, निवासी बरेली।

4. मोहम्मद नूर, निवासी एजाजनगर गौटिया, बरेली।

इसके अलावा करीब 17 वर्षीय बाल अपचारी अयान रजा को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी तृतीय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक इज्जतनगर के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी बैरियर-टू उपनिरीक्षक मोहित कुमार, उपनिरीक्षक आफताब खान, उपनिरीक्षक दीपक कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल विशाल सिंह, हेड कांस्टेबल धनीश सक्सेना और कांस्टेबल मनीष मलिक शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में मोबाइल छिनैती की घटनाओं से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments