कत्ल करने वाले और कत्ल के लिए उकसाने वाले दोनो अपराधी: राजेश अग्रवाल

अपर सत्र न्यायालय से 2010 के दंगो का स्वतः संज्ञान लेने के बाद पूर्व वित्तमंत्री ने बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस

कहा- प्रेमनगर थाने में मौलाना पर दर्जनों एफआईआर, फिर भी पुलिस खामोश


बरेली। वर्ष 2010/12 के दंगों पर स्थानीय न्यायालय द्वारा स्वतः संज्ञान लेने और आईएमसी अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा को दंगों का मास्टर माइंड ठहराने के अगले दिन भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने मौलाना तौकीर रज़ा पर करारा हमला बोला। उन्होनें कहा कि 14 साल पहले मौलाना तौकीर ने धर्म के नाम पर भड़काऊ भाषण देकर संप्रदाय विशेष के लोगों को दंगों के लिए उकसाया। उनकी भड़काऊ तकरीर के बाद शहर में दंगा भड़का। उन दंगो में 27 दिन कर्फ्यू लगा। हिंदुओं की दुकानें जलाई गई। शहर की शान्ति भंग हुई। इतने साल बाद उन दंगो का न्यायालय द्वारा संज्ञान लेना प्रशासन के मुंह पर करारा तमाचा है। न्यायालय ने तत्कालीन डीएम कमिश्नर और पुलिस अधिकारियों पर भी टिप्प्णी की। उन्होनें कहा कि कुछ दिन पहले इस्लामियां इंटर कॉलेज में मौलाना तौकीर ने भड़काऊ तकरीर करके फिर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की। तब भी प्रशासन और पुलिस ने मौलाना पर कार्रवाई नहीं की।

 

मंगलवार को अपने रामपुर गार्डन स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार के पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि कोर्ट का निर्णय आने के बाद पुलिस की भूमिका के बारे में उन्होंने डीजीपी से बात की है। कोतवाली और प्रेम नगर थाने में मौलाना तौकीर रजा पर कई एफआईआर दर्ज हैं। फिर भी पुलिस उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं कर रहीं है। भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ने कहा कि मौलाना तौकीर ने संभल में सीएए के खिलाफ हुए प्रदर्शन में न केवल भड़काऊ बयान दिया बल्कि पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। मौलाना तौकीर न तो देश के संविधान में भरोसा करते हैं, न ही न्यायालय और कानून में। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद बना। फिर भी मौलाना ने श्री राम मंदिर निर्माण पर आपत्ति जताई और कहा कि उन्होंने बाबरी मस्जिद के मामले में बड़ी नाइंसाफी बर्दाश्त की। इससे बड़ी बेईमानी तुम नहीं कर सकते। तुमने कश्मीर में जुल्म किया। हमने बर्दाश्त किया। तीन तलाक में बेईमानी की। अब हमारी बहन बेटियां सड़क पर निकल आईं हैं तो बिलबिला रहे हों।

30 करोड़ मुसलमान आतंकवादी बन गए तो क्या होगा

भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि मौलाना तौकीर रज़ा ने अपने हाल के भड़काऊ भाषण में कहा था कि देश का माहौल चंद आतंकवादी हमलों से खराब हो जाता है तो सोचो, भारत के तीस करोड़ मुसलमान आतंकवादी बन गए तो देश का क्या होगा। इस तरह की तकरीरों पर भी पुलिस प्रशासन मौलाना पर कार्रवाई क्यों नहीं करता। मौलाना तौकीर रज़ा के विवादित बयानों का उल्लेख करते हुए पूर्व वित्तमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने पीएम मोदी के नाम से न और गृह मंत्री अमित शाह के नाम से शा लेकर नया शब्द गढ़ा और कहा कि कुछ हिन्दू भाइयों पर मोदी और अमित शाह का नशा चढ़ा है। उनका नशा उतारने में अगर देर हुई तो ये दोनो मिलकर देश को बर्बाद कर देंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि संभल में जब मौलाना तौकीर रज़ा खां विवादित बयान दे रहे थे, तब वहां के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क भी मौजूद थे।

विवादित बयानों पर डबल इंजन की सरकार और प्रशासन सख्ती करे

पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि मौलाना तौकीर राजा खां जिस तरह से विवादित बयान देकर शहर और आसपास के इलाकों का माहौल खराब कर रहे हैं। उसके हिसाब से पुलिस प्रशासन को सख्ती बरतनी चाहिए। सरकार अपना काम करें। कोर्ट अपना काम करे। और पुलिस प्रशासन को भी अपना काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौलाना पर 15 से 20 एफआईआर दर्ज हैं। अगर पुलिस प्रशासन समय रहते सख्त कार्रवाई करेगा तो यह उत्तर प्रदेश के लिए ही नहीं, बल्कि भारत के लिए एक नजीर बनेगा। उसके बाद बरेली शहर ही नहीं, उत्तर प्रदेश और पूरा देश शांति की राह पर चल पड़ेगा।

Share News