बरेली। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के बाहर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बहेड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और महिला पुलिस की सूझबूझ व तत्परता से महिला को समय रहते रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि महिला मीना का आरोप है कि कुछ समय पहले उसके और उसके बेटे पर जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में बहेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने केवल एनसीआर दर्ज की और आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। महिला का कहना है कि वह कई बार थाने और वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर लगाती रही, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला।
इसी से आहत होकर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे महिला ज्वलनशील पदार्थ लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची। महिला ने जैसे ही आत्मदाह का प्रयास किया, वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए उसे रोक लिया और सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना के बाद एसएसपी कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि महिला की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


