नाबालिग से देह व्यापार कराने वाले गैंग का भंडाफोड़, सरगना समेत चार गिरफ्तार

22 Views

बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने नाबालिग लड़की से देह व्यापार कराने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गैंग की सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटर बिना नंबर प्लेट, फर्जी आधार कार्ड और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च की देर रात वाराणसी की रहने वाली एक नाबालिग पीड़िता थाना बारादरी पहुंची और आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2026 में वह घर से निकली थी, जहां वाराणसी रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात रिया नामक महिला से हुई। रिया उसे अपने साथ बरेली ले आई और बाद में दूसरी महिला को बेच दिया। इसके बाद गिरोह के लोगों ने उसे एक कमरे में बंद कर देह व्यापार के लिए मजबूर किया तथा बालिग दिखाने के लिए उसका फर्जी आधार कार्ड भी बनवा दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गैंग की सरगना बबली यादव (40) निवासी चनेहटी थाना कैंट, विनोद यादव, जसलीन कौर (36) निवासी अफजलगढ़ जिला बिजनौर तथा दुर्गालावती (34) निवासी नेपाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह से जुड़े रिया और खलील खान की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह होटल व अन्य स्थानों पर लड़कियों को ले जाकर देह व्यापार कराता था। इस संबंध में थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Share News