
बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक पाउडर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोभित गुप्ता पुत्र पप्पू गुप्ता निवासी ग्राम सैजनी, थाना मूसाझाग, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 मार्च को थाना सुभाषनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम रौंधी जाने वाले मार्ग पर एक बड़े पाकड़ के पेड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक अपने सगे फूफा रजनीश गुप्ता निवासी ग्राम मानिकपुर शिकारपुर, जनपद बदायूं से लेकर आया था। दोनों मिलकर स्मैक तस्करी का काम करते हैं। आरोपी के अनुसार वह स्मैक पंजाब से आने वाली एक पार्टी को देने के लिए वहां पहुंचा था और सौदा होने के बाद मिलने वाले पैसों से अपने शौक पूरे करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक होराम सिंह, उपनिरीक्षक विकास यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल कुश कुमार और कांस्टेबल सौरभ चौधरी की टीम शामिल रही।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर