बारादरी थाने के गेट पर डिलीवरी बॉय ने किया आत्मदाह का प्रयास, हालत गंभीर

68 Views

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के रहने वाले एक डिलीवरी बॉय ने मंगलवार रात बारादरी थाने के गेट पर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि फतेहगंज पश्चिमी निवासी 32 वर्षीय अक्षय कुमार कश्यप मंगलवार रात करीब दस बजे थाने के गेट पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह अपनी बाइक को लेकर परेशान था। उसने गुस्से में आकर अपने ऊपर पेट्रोल उंडेला और आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, अक्षय सोमवार रात गंगापुर में डिलीवरी देने गया था। उसकी बाइक एक शराब की दुकान के पास खड़ी थी, जिसमें चाबी भी लगी हुई थी। इस दौरान संजयनगर निवासी विकास सागर बाइक लेकर भागने लगा। पीछा करने पर विकास ने सामने से आ रहे माधोबाड़ी निवासी आकाश को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को थाने ले आई।

तभी से अक्षय अपनी बाइक छुड़वाने के लिए थाने के चक्कर लगा रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसे धैर्य रखने के लिए कहा गया था, लेकिन वह उतावला हो रहा था। एसपी सिटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और युवक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।

Share News