जिला बदर अपराधी समेत रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

62 Views

बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने स्पा सेंटर संचालिका से 40 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में जिला बदर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले के अनुसार दिनांक 17/18 फरवरी को मुस्कान पुत्री रामचन्द्र निवासी रामपुर सिदौली ने थाना बारादरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि अंशु यादव, ऋषभ ठाकुर व अन्य 2-3 युवक स्वयं को हिंदू संगठन का नेता बताकर स्पा चलाने के नाम पर 40 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। आरोपियों ने रकम न देने पर जान से मारने और स्पा सेंटर बंद कराने की धमकी दी। इस पर 20 फरवरी को थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 23 फरवरी को मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर निवासी सुभाषनगर को नव निर्मित बीडीए कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि आरोपी को 4 फरवरी को छह माह के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन वह आदेश का उल्लंघन करते हुए बरेली में मिला। मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय, उप निरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार व कांस्टेबल पवन नागर शामिल रहे।

Share News