बरेली में निर्माणाधीन डी मार्ट से 10 लाख की इलेक्ट्रिक वायर चोरी, सिक्योरिटी गार्ड पर संदेह

179 Views

बरेली में निर्माणाधीन डी मार्ट से 10 लाख की इलेक्ट्रिक वायर चोरी, सिक्योरिटी गार्ड पर संदेह

बरेली। जनपद बरेली में निर्माणाधीन डी मार्ट के स्टोर रूम से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की इलेक्ट्रिक वायर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना बिथरी चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि डी मार्ट के स्टोर रूम से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रिक वायर गायब पाई गई। जब इस संबंध में तैनात सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद मौके पर मौजूद डी मार्ट के अधिकारियों ने चोरी की घटना के लिए सिक्योरिटी गार्ड को जिम्मेदार ठहराया।

वहीं इलैक्ट्रिकल इंचार्ज ईश्वर ने बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे स्टोर पर पहुँचे, जहाँ स्टोर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर निरीक्षण करने पर स्टोर में रखा सामान गायब पाया गया। घटना की जानकारी उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी।

वहीं, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब सिक्योरिटी गार्ड पवन और  साथी गार्डों ने ओमकारा सिक्योरिटी के एरिया मैनेजर रनदीप पर नौकरी पर  रखने के नाम पर 2000 रुपये मांगने का आरोप लगाया। गार्ड का यह भी कहना है कि उसे अब तक अपनी सैलरी नहीं मिली है, जिससे वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, कर्मचारियों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, चोरी की इस बड़ी वारदात का सच पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Share News